सुल्तानपुर के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के वैदहा गांव में बुधवार दोपहर एक पंचायत सहायिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव पंचायत भवन के अंदर फंदे से लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका की पहचान 27 वर्षीय रीता देवी के रूप में हुई है, जो वैदहा पंचायत भवन में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थीं।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, महिला कुछ समय से तनाव में थी, हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
रीता देवी जनवरी से अपने मायके में रह रही थीं। बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उनका भाई उन्हें कुछ कागजात देने आया था, तब वह जीवित थीं। जब ढाई बजे तक वह घर नहीं लौटीं, तो उनकी मां ने बेटे शेषराम को भेजा। शेषराम ने कमरा खुला पाया और रीता को पंखे से लटका हुआ देखा।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम जयसिंहपुर प्रभात सिंह, सीओ जयसिंहपुर आरके चतुर्वेदी, तहसीलदार जयसिंहपुर मयंक मिश्रा सहित गोसाईंगंज और जयसिंहपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

0 Comments
Comments