बांदा।
जनपद बांदा में आज समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय नेता और राष्ट्रीय सचिव नीलम गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ एक विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। बढ़ती महंगाई, चरमराई कानून व्यवस्था, बिजली-पानी के संकट और छात्रों के पेपर लीक मामलों को लेकर समाजवादियों ने अशोक लाट पर जोरदार जमावड़ा लगाया। इस दौरान जिले के तमाम दिग्गज नेताओं और भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
सदर विधायक पर सीधा हमला और अवैध खनन का मुद्दा
अपने बेबाक अंदाज के लिए लोकप्रिय सपा नेता नीलम गुप्ता ने स्थानीय सदर विधायक पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सदर विधायक की सह पर ही जिले में बालू का अवैध खनन फल-फूल रहा है। नीलम गुप्ता ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की उस नसीहत का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने विगत दिनों अपने नेताओं को भाजपा के साथ मिलकर अवैध खनन न करने की हिदायत दी थी। उन्होंने कहा कि आज बांदा में जो आंदोलन दिख रहा है, वह इसी भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता की आवाज है।
पेपर लीक और कानून व्यवस्था पर जताई भावुकता और नाराजगी
संवाददाताओं से रूबरू होते हुए नीलम गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। पेपर लीक के मामलों पर भावुक होते हुए उन्होंने कहा:
"बच्चे हमारे भविष्य की नींव होते हैं, जो आज रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। सरकार की जिम्मेदारी उनका भविष्य संवारने की है, लेकिन उसने युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है।"
डबल इंजन सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि 10 वर्षों के शासन के बाद भी नालियां बजबजा रही हैं, साफ-सफाई व्यवस्था ठप है और घूसखोरी का बोलबाला है। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब थाने के अंदर हत्याएं हो रही हों, तो इससे बुरी स्थिति और क्या हो सकती है। भू-माफिया और बालू माफिया अपना घर भर रहे हैं और गरीब-किसान त्रस्त हैं।
समाजवादी पार्टी की प्रमुख मांगें:
आंदोलन के दौरान सपा ने सरकार के सामने निम्नलिखित मांगें रखीं:
- छात्रों के लिए: परीक्षा के समय छात्रों को आने-जाने के लिए बस और ट्रेन का फ्री पास दिया जाए।
- शिक्षकों के लिए: शिक्षकों को बाहर निकालने वाले 'तुगलकी फरमानों' पर सरकार तुरंत पुनर्विचार करे।
- किसानों के लिए: किसानों के बिजली बिल माफ हों, पानी की समुचित व्यवस्था की जाए और फसल खरीद में पूरी पारदर्शिता लाई जाए।
- विकास व व्यवस्था: शहरों और गांवों में साफ-सफाई दुरुस्त की जाए। साथ ही नए अधिवक्ताओं के लिए चैंबर और पुस्तकालय की व्यवस्था हो।
नीलम गुप्ता ने हुंकार भरते हुए कहा कि जब तक ये बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं होंगी, तब तक देश विश्व गुरु नहीं बन सकता। उन्होंने दावा किया कि जनता इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकेगी और 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी।
प्रदर्शन में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
इस विशाल धरने में मुख्य रूप से एजाज खान, लालमन यादव, ईशान सिंह, श्याम बाबू खंगार, विदित त्रिपाठी, अशोक सिंह गौर, मोहम्मद आरिफ रानू, मोहन साहू, वृंदावन वैश्य, राजकुमार गुप्ता, रामचंद्र गुप्ता, उर्मिला वर्मा, किरण वर्मा, कुतैबा जमा खान, उमेश यादव, प्रमोद गुप्ता, नंदू यादव, कल्लू चौहान, मिश्री लाल यादव, रियाज खान, रामलाल प्रजापति, रामराज कैप्टन, किरण यादव, सत्यनारायण सोनकर, लाल यादव, सपा यादव, रवि दिवाकर, छोटू गुप्ता, नीरज खंगार, धर्मेंद्र खंगार, असलम खान, पवन साहू, निलेश श्रीवास, हिमांशु गुप्ता, मूरतध्वज खुराना, युसूफ खान, जितेंद्र अनुरागी, दिनेश यादव, शबाना मंसूरी, सुनीता रैकवार, रविन्द्र खंगार, सलमान, दिलशाद, कामिल खान, आनंदी निषाद, संजय खंगार, अरविंद खटीक, दीपक यादव, अमन यादव, रोहित गुप्ता, इरफान खान, रवि राजपूत, राम लखन राजपूत, शंकर, रामकरण पाल, कुलदीप कुशवाहा, सिद्धार्थ गुप्ता, राहुल यादव, चंदन सोनी और अंकुश विश्वकर्मा सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

0 Comments
Comments