मां की डांट से नाराज युवती ने गोमती नदी में लगाई छलांग, SDRF की टीम कर रही तलाश


जनपद के हलियापुर थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा गोमती नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के लगभग 24 घंटे बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लग सका है। स्थानीय गोताखोरों के साथ अब एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार हलियापुर थाना क्षेत्र के गोहनिया गांव निवासी मनीषा (20) पुत्री रमई निषाद ने बुधवार दोपहर गोमती नदी के आमघाट पुल से छलांग लगा दी। होली के दिन हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक युवती का पता नहीं चल सका। इसके बाद गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने युवती की तलाश तेज कर दी है।

बताया जा रहा है कि होली के पर्व पर एक युवक ने मनीषा को रंग लगा दिया था। इस बात को लेकर जब उसकी मां ने उससे पूछताछ की तो मनीषा ने युवक का नाम बता दिया। इसी बात पर मां ने उसे डांटा और उसकी पिटाई कर दी, जिससे नाराज होकर मनीषा ने यह कदम उठा लिया।

थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि नदी में सर्च अभियान जारी है और जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा। वहीं युवती के पिता परदेस में रहते हैं और घटना की सूचना मिलने के बाद घर लौट रहे हैं।

रिपोर्ट: जय प्रकाश सिंह बल्दीराय/सुलतानपुर

Post a Comment

0 Comments