जेल से रिहाई होने के बाद आखिर कहां गया हरिकेश
हलियापुर थाना क्षेत्र का एक युवक जेल से रिहा होने के बाद पिछले दो माह से लापता है। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बेटे हरीकेश का पता लगाने की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार हलियापुर थाना क्षेत्र के निवासी मनीराम ने बताया कि उनका बेटा हरीकेश आबकारी अधिनियम के एक मामले में वांछित था। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद चार जनवरी को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।
पिता के अनुसार छह जनवरी को न्यायालय में बेटे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद मजिस्ट्रेट ने उसे जेल से रिहा करने का आदेश दे दिया। आरोप है कि जब वह बेटे को लेने जेल पहुंचे तो उन्हें अगले दिन आने को कहा गया।
दूसरे दिन जब वह जेल पहुंचे तो बताया गया कि उनके बेटे की रिहाई एक दिन पहले ही हो चुकी है। इसके बाद से हरीकेश घर नहीं पहुंचा और तब से वह लापता है।
पीड़ित पिता का कहना है कि उनका बेटा मानसिक रूप से भी अस्वस्थ है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कर बेटे का पता लगाने की मांग की है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और इसकी जांच कराई जा रही है। जेल के रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी वंदना अग्रहरि ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर: जय प्रकाश सिंह बल्दीराय सुलतानपुर
.jpg)
0 Comments
Comments