सुलतानपुर: भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे, बोलेरो की टक्कर से युवक लहूलुहान, लखनऊ रेफर

 बल्दीराय, सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद अंतर्गत हलियापुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मंगलवार देर रात जगदीशपुर-अयोध्या मार्ग पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में ई-रिक्शा सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया है। 'इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़' की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना के बाद मार्ग पर काफी समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गलत दिशा से आ रही बोलेरो ने बरपाया कहर

प्राप्त विवरण के अनुसार, जरई कला निवासी सुरेंद्र सिंह मंगलवार की रात ई-रिक्शा के माध्यम से जगदीशपुर की ओर से हलियापुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा (गलत साइड) से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो (संख्या: UP 32 LK 1329) ने ई-रिक्शा को सीधे टक्कर मार दी। 'इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़' को मिली जानकारी के मुताबिक, उक्त बोलेरो पूरे हितलाल प्राथमिक विद्यालय के अध्यापक रमा शंकर द्वारा चलाई जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर ही पलट गया और सुरेंद्र सिंह उसमें दबकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।

ग्रामीणों ने निभाया मानवता का धर्म, घायल को पहुंचाया अस्पताल

चीख-पुकार सुनकर घटना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल सुरेंद्र सिंह को ई-रिक्शा से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सूर्या हॉस्पिटल, जगदीशपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के दौरान सुरेंद्र की हालत में सुधार न होने और आंतरिक चोटों की गंभीरता को देखते हुए, डॉक्टरों ने उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।

पुलिस कार्रवाई और जांच प्रक्रिया

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर सक्रिय हो गई। इस प्रकरण में हलियापुर थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने 'इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़' को बताया कि घटना के संदर्भ में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने वाहन और संबंधित घटनाक्रम को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। यातायात नियमों के उल्लंघन और गलत दिशा में वाहन चलाने के पहलुओं पर भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

रिपोर्टर: जय प्रकाश सिंह

स्थान: बल्दीराय, सुलतानपुर

Post a Comment

0 Comments