सुल्तानपुर। जिले के शहर स्थित नारायणपुर में शनिवार को स्वर्गीय बाबू अवध नारायण सिंह की याद में राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। नारायणपुर स्मारक वॉलीबॉल टूर्नामेंट में लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, अयोध्या, गाजीपुर और आजमगढ़ की दिग्गज टीमें प्रतिभाग करेंगी।
प्रतियोगिता के आयोजक भाजयुमो अध्यक्ष चंदन नारायण सिंह ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के साथ ही सामाजिक सरोकार निभाते हुए कंबल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जाएंगे।आयोजन संरक्षक एवं पूर्व राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी गिरीश नारायण बब्बन सिंह की निगरानी में प्रतियोगिता संपन्न होगी। जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव शिव नारायण सिंह ने बताया कि यह एक दिवसीय प्रतियोगिता होगी, जिसमें दर्शकों को उच्च स्तरीय मुकाबले और बेहतरीन खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। आयोजन सह सचिव मुनेंद्र मिश्रा ने जानकारी दी कि इस अवसर पर पूर्व खिलाड़ियों और खेल के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। प्रतियोगिता अध्यक्ष गौरव सिंह, संयोजक सर्वेश सिंह, व्यवस्थापक आलोक पाठक और कोषाध्यक्ष आशीष सिंह टेनी सहित सभी पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

0 Comments
Comments