बल्दीराय/सुल्तानपुर
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत शनिवार को थाना बल्दीराय पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना बल्दीराय की एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति प्रभारी टीम ने थाना क्षेत्र के श्री चंद्र शेखर इंटर कॉलेज में पहुंचकर छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और महिला सशक्तिकरण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।
एंटी रोमियो टीम द्वारा विद्यालय परिसर के साथ-साथ आसपास के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान छात्राओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (विमेन पावर हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) तथा 14567 (सीनियर सिटीजन हेल्पलाइन) शामिल हैं। इसके साथ ही थाना परिसर में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के बारे में भी जानकारी देकर महिलाओं को किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं और महिलाओं से उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली गई, लेकिन किसी ने कोई विशेष शिकायत नहीं बताई। कार्यक्रम के दौरान कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट सखी और राष्ट्रीय पोषण मिशन जैसी सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इस जागरूकता कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर राजदेव यादव, मुख्य आरक्षी रावत, मुख्य आरक्षी विनोद यादव, महिला आरक्षी सविता यादव तथा महिला आरक्षी कल्पना चौरसिया उपस्थित रहीं।
जय प्रकाश सिंह बल्दीराय हलियापुर सुल्तानपुर

0 Comments
Comments