उन्नाव जिले के नवाबगंज क्षेत्र स्थित भैया जी इंडेन गैस एजेंसी एक बार फिर विवादों में घिर गई है। उपभोक्ता अमित प्रजापति ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अमित प्रजापति के अनुसार, उन्होंने 19 मार्च को ऑनलाइन गैस बुकिंग कर भुगतान किया था। 20 मार्च को जब वे एजेंसी पहुंचे, तो वहां मौजूद कर्मचारी शिवाकांत शुक्ला और कंप्यूटर ऑपरेटर ने गलत DAC (OTP) का हवाला देकर उन्हें करीब 5 घंटे तक बेवजह परेशान किया। बार-बार चक्कर लगवाने के बाद भी उन्हें गैस नहीं दी गई।
अमित प्रजापति ने बताया कि बाद में उन्होंने एक ऑनलाइन कैफे पर जाकर खुद पोर्टल से इनवॉइस डाउनलोड की और एजेंसी पर दिखाने के बाद ही उन्हें सिलेंडर जारी किया गया। आरोप है कि जब उन्होंने एजेंसी संचालक रुचिर शुक्ला से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन तक रिसीव नहीं किया गया।
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। घर पहुंचकर सिलेंडर का वजन करने पर उसमें करीब 3 किलो गैस कम पाई गई। जब उन्होंने एजेंसी पर इसका विरोध किया, तो कर्मचारियों ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए कहा—“सिलेंडर मिल रहा है, यही बहुत है।”
यह घटना उपभोक्ता अधिकारों पर सीधा सवाल खड़ा करती है। एक ओर सरकार पारदर्शिता और सुविधा की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के आरोप आम जनता का भरोसा तोड़ते नजर आ रहे हैं।
अमित प्रजापति, जो कि उन्नाव प्रजापति सभा के ब्लॉक अध्यक्ष और भाजपा सेक्टर संयोजक भी हैं, ने जिला प्रशासन और इंडेन गैस के उच्च अधिकारियों से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कदम उठाता है और क्या उपभोक्ताओं को न्याय मिल पाता है या नहीं।

0 Comments
Comments