मथुरा के पेड़े पर मिलावट का पहरा: भोग के नाम पर धोखा, ब्रज की अस्मिता पर हमला


मथुरा का पेड़ा केवल एक मिठाई नहीं है। यह ब्रज की पहचान, आस्था की मिठास और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की श्रद्धा का स्वाद है। लेकिन जब इसी पेड़े के नाम पर मिलावट, मुनाफाखोरी और मनमानी का खेल खुलेआम चलने लगे, तो समझ लीजिए कि मामला सिर्फ बाजार का नहीं रहा—यह ब्रज की आत्मा पर हमला बन चुका है।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर “शुद्ध गाय के दूध से निर्मित खोए से तैयार पेड़े” के नाम पर जो कुछ बिक रहा है, वह अब अफवाह नहीं, जांच में सामने आया कटु और शर्मनाक सच है। जब 20 दुकानों के नमूनों में से 13 नमूने फेल हो जाएं और केवल 7 सही निकलें, तो यह किसी एक-दो दुकानों की गलती नहीं, बल्कि धर्मनगरी की सबसे संवेदनशील पट्टी में फैले मिलावट तंत्र का खुला पोस्टमार्टम है।

यह सिर्फ मिलावट नहीं, श्रद्धा के साथ संगठित छल है

जो श्रद्धालु ठाकुर जी का प्रसाद समझकर पेड़ा खरीद रहा है, वह असल में क्या खरीद रहा है—यह सवाल अब सीधा और असहज दोनों है।

क्योंकि अगर “भोग” के नाम पर बिक रही वस्तु लैब टेस्ट में फेल हो रही है, तो यह केवल खाद्य अपराध नहीं, आस्था के साथ व्यापारिक धोखा है।

मंदिर मार्ग पर हर दुकान “शुद्ध”, “असली”, “विशेष”, “मथुरा स्पेशल” का बोर्ड टांग ले, इससे सच्चाई नहीं बदलती।

सच्चाई यह है कि दुकानों की भाषा श्रद्धा की है, लेकिन खेल मुनाफे का।

पेड़ा 200 से 500 तक, लेकिन शुद्धता शून्य के आसपास!

कहीं पेड़ा 200 रुपये किलो, कहीं 500 रुपये किलो।

अब सवाल कीमत का नहीं, ईमान का है।

जब एक ही क्षेत्र में एक ही नाम से बिकने वाली मिठाई के दाम इतने अलग हों और गुणवत्ता जांच में बार-बार सवालों में आए, तो इसका सीधा मतलब है कि ब्रज की पहचान को कुछ लोगों ने खुले बाजार में नीलाम कर रखा है।

सीधा सवाल है—

अगर यह सचमुच “शुद्ध गाय के दूध से निर्मित खोए से तैयार पेड़ा” है,

तो 13 नमूने फेल क्यों हुए?

और अगर नमूने फेल हुए,

तो अब तक दुकानें सील क्यों नहीं हुईं?

कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति?

यह पहला मौका नहीं है।

शिकायतें पहले भी आईं।

जांचें पहले भी हुईं।

सवाल पहले भी उठे।

फिर भी बाजार जस का तस क्यों?

अगर श्रीबांकेबिहारी मंदिर प्रबंधन हाईपावर्ड कमेटी की बैठक में खुद यह कहना पड़े कि “ठाकुर जी के भोग के नाम पर मिलावटी और जहर बेचा जा रहा है”, तो यह केवल दुकानदारों की पोल नहीं खोलता—यह निगरानी तंत्र की नाकामी पर भी उंगली रखता है।

जनता पूछ रही है—

जब बार-बार पकड़ में आ रहे हैं, तो बार-बार बच कैसे रहे हैं?

यह सवाल बहुत खतरनाक है।

क्योंकि जब मिलावट पकड़ी जाए और कारोबार फिर भी चलता रहे, तो शक सिर्फ बाजार पर नहीं, व्यवस्था की रीढ़ पर जाता है।

दुकानें बंद कर भागने वाले आखिर डरते किससे हैं—कानून से या कैमरे से?

जांच की भनक लगते ही कुछ दुकानदार दुकान बंद कर भाग निकले—यह सूचना अपने आप में पूरी कहानी कह देती है।

यह बताती है कि खेल करने वालों को पता है कि वे क्या बेच रहे हैं।

और यह भी पता है कि जांच कब आती है, कितनी दूर जाती है, और कहां आकर ठंडी पड़ जाती है।

यानी समस्या सिर्फ मिलावट की नहीं,

मिलावट के आत्मविश्वास की है।

जब गलत काम करने वाला यह मानकर बैठे कि

“दो दिन हंगामा होगा, फिर सब सामान्य”,

तो समझिए कानून का डर नहीं, कानून की आदत बन चुकी है।

ब्रज की पहचान पर सबसे बड़ा हमला भीतर से हो रहा है

आज देश में सरकार “एक जिला, एक उत्पाद” की बात कर रही है।

स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने की योजनाएं चलाई जा रही हैं।

लेकिन मथुरा का पेड़ा, जो ब्रज की सबसे मीठी पहचान होना चाहिए था, उसे कुछ लालची हाथ मिलावट की भट्टी में झोंक रहे हैं।

यह सिर्फ खाद्य धोखाधड़ी नहीं,

यह स्थानीय विरासत की हत्या है।

अगर आज मथुरा का पेड़ा बदनाम हुआ,

तो नुकसान सिर्फ दुकानों का नहीं होगा—

नुकसान होगा:

मथुरा की साख का

धार्मिक पर्यटन के भरोसे का

ईमानदार व्यापारियों के सम्मान का

और सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं के विश्वास का

सरकार की आंखें अब नहीं खुलीं, तो बहुत देर हो जाएगी

अब यह मामला “नमूना फेल” भर का नहीं है।

यह ब्रज की पहचान बचाने का इम्तिहान है।

और इस इम्तिहान में अब छापे की फोटो नहीं, सख्त परिणाम चाहिए।

जरूरत है कि:

फेल नमूनों वाली दुकानों पर तत्काल कठोर कार्रवाई हो

दोषी पाए जाने वालों के लाइसेंस रद्द किए जाएं

मंदिर मार्ग पर स्थायी खाद्य निगरानी व्यवस्था लागू हो

शुद्ध और प्रमाणित पेड़ा विक्रेताओं की सूची सार्वजनिक हो

और “मथुरा पेड़ा शुद्धता अभियान” युद्धस्तर पर चलाया जाए

क्योंकि अगर अभी भी सिर्फ फाइलें घूमेंगी और मिलावटिए मुस्कुराते रहेंगे,तो आने वाले समय में श्रद्धालु मथुरा का पेड़ा खरीदते वक्त भक्ति नहीं, भय महसूस करेंगे।

ब्रज की धरती पर प्रसाद बिकना चाहिए, प्रपंच नहीं।

मथुरा के पेड़े के नाम पर मिठास बिकनी चाहिए, मिलावट नहीं।

और ठाकुर जी के भोग के नाम पर आस्था जानी चाहिए, बीमारी नहीं।

अब सरकार को तय करना होगा—वह ब्रज की पहचान बचाएगी,या मिलावटियों की दुकानदारी?

सीधी बात यही है—मथुरा का पेड़ा बचाना है, तो मिलावटियों पर सिर्फ नमूना नहीं, अब प्रहार करना होगा।

इंडिया की सोच बुलंद के लिए राहुल गुलशन की रिपोर्ट

Post a Comment

0 Comments