सुलतानपुर।
जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में नगर पालिका परिषद द्वारा नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को दिनांक 09 फरवरी 2026 को लालचंद्र सरोज, अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस विभाग एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों एवं पटरीयों से अतिक्रमण हटाने की सघन कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान मुख्य बाजार क्षेत्र अंतर्गत कोतवाली नगर, जिला अस्पताल चौराहा, मंडी चौराहा, बड़ा बाजार, रेलवे टर्निंग रोड, खैराबाद, शाहगंज चौराहा, कटरा चौराहा, बाघा गली, कचहरी गली, सब्जी मंडी, रुद्र नगर से रेलवे स्टेशन होते हुए कुदरा नाका से कोतवाली नगर तक मार्गों का निरीक्षण किया गया। सड़क व फुटपाथ पर दुकानों का विस्तार कर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों एवं पथ विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
इस दौरान 7 दुकानदारों एवं पथ विक्रेताओं पर कार्रवाई करते हुए कुल 7,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही सड़क पर रखे गए भारी मात्रा में सामान को जब्त कर अवैध अतिक्रमण हटवाया गया।
अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज ने बताया कि नगर पालिका एवं पुलिस विभाग द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पालिका द्वारा निर्धारित वेंडिंग जोन में ही पथ विक्रेताओं को नियमानुसार पहचान पत्र एवं फोटोयुक्त पंजीकरण के साथ व्यापार करने की अनुमति दी जाएगी। निर्धारित स्थान के अलावा दुकान लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आगामी वित्तीय वर्ष में बिना सत्यापन के आवंटित वेंडिंग जोन को निरस्त किया जा सकता है तथा कोड आधारित विक्रय प्रमाण पत्र का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा। दुकानदारों से अपील की गई कि वे अंतिम अवसर मानते हुए अपनी दुकानों के भीतर ही सामान रखें तथा पथ विक्रेता केवल निर्धारित वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करें।
इस अभियान में नगर पालिका के खाद्य एवं सफाई निरीक्षक श्रीमती अंशुलिका, राजस्व निरीक्षक प्रवीन सिंह, अनुप कुमार भारती सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 Comments
Comments