फतेहपुर: भूमि विकास बैंक के रण में अनिल मिश्रा ने ठोकी ताल, समर्थकों के उत्साह से गूंजा ऐरायां ब्लॉक


 

खागा, फतेहपुर | विशेष रिपोर्ट
जनपद फतेहपुर के खागा तहसील अंतर्गत ऐरायां ब्लॉक परिसर में मंगलवार को राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर रहीं। अवसर था भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष पद हेतु नामांकन का, जहाँ अनिल मिश्रा ने पूरे दलबल और विधि-विधान के साथ अपना पर्चा दाखिल किया। इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़ के माध्यम से देखिए इस चुनावी प्रक्रिया की खास रिपोर्ट।
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई नामांकन प्रक्रिया
निर्वाचन अधिकारी नायब तहसीलदार अरविंद कुमार की देखरेख में नामांकन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। अनिल मिश्रा के नामांकन में उदय प्रताप सिंह प्रस्तावक और नरेंद्र कुमार अनुमोदक के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर बैंक प्रबंधक महेश चंद्र, विष्णुदेव कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद दिखे।
विधायक कृष्णा पासवान की मौजूदगी ने भरा जोश
इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़ के कीबोर्ड से यह खबर निकलकर आ रही है कि इस नामांकन को और भी महत्वपूर्ण बनाया क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान की गरिमामयी उपस्थिति ने। विधायक की मौजूदगी ने न केवल समर्थकों में उत्साह भरा, बल्कि इस चुनावी मुकाबले को चर्चाओं के केंद्र में ला दिया है।
'किसानों का हित ही मेरी प्राथमिकता' - अनिल मिश्रा
नामांकन के पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए प्रत्याशी अनिल मिश्रा ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा:
"मेरा मुख्य लक्ष्य भूमि विकास बैंक को और अधिक सशक्त बनाना है। यदि मुझे जिम्मेदारी मिलती है, तो बैंक की योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े किसान और जरूरतमंद खाताधारक तक पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाएगा।"
दिग्गज नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा
इस अवसर पर ब्लॉक परिसर में समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा। मुख्य रूप से आदित्य त्रिवेदी, अंकित मिश्रा, विमलेश पांडेय, अमित सिंह, प्रकाश त्रिपाठी, शिवचंद्र शुक्ल, मनोज शुक्ल, उमेश यादव, बृजेश सिंह, पंकज पाल सहित दर्जनों प्रबुद्ध जन मौजूद रहे। नामांकन दाखिल होने के बाद समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत का संकल्प दोहराया।
प्रशासनिक मुस्तैदी:
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद दिखीं ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में कोई व्यवधान न आए।
इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़ के लिए फतेहपुर से आशुतोष बाजपेई की यह विशेष रिपोर्ट।

Post a Comment

0 Comments