*ब्रेकिंग न्यूज़*
सहारनपुर शहर में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। 'नो एंट्री' के समय में भी रेत-बजरी से भरे भारी डंपर शहर की सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे एक बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है। आपको बतादें बेहट रोड से सहारनपुर सिटी में इन डंपरों की एंट्री सुबह छह बजे के बाद भी धड़ल्ले से जारी रहती है। यह समय शहर के लिए बेहद संवेदनशील होता है, क्योंकि इसी दौरान हज़ारों बच्चे अपने-अपने स्कूलों के लिए निकलते हैं। सुबह के इस व्यस्त समय में, जब सड़कों पर स्कूली बच्चों और अभिभावकों की आवाजाही सबसे अधिक होती है, तब इन तेज़ रफ्तार डंपरों के कारण किसी भी पल कोई गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है। इस लापरवाही की बानगी कोतवाली देहात के पास भी देखने को मिल रही है, जहाँ की तस्वीरों में इन डंपरों को 'नो एंट्री' के समय में भी खड़े देखा जा सकता है। नागरिकों ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए पुलिस-प्रशासन से सवाल किया है कि आखिर किसके संरक्षण में यह डंपर नो एंट्री के नियमों को तोड़ रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

0 Comments
Comments