फसल कटाई और मड़ाई के व्यस्त सीजन में डीजल-पेट्रोल की भारी किल्लत से किसान परेशान


 ब्रेकिंग न्यूज़

सुल्तानपुर। बल्दीराय तहसील क्षेत्र के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर “तेल नहीं” का बोर्ड टंगा हुआ है, जिससे खेती-किसानी सहित आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
पारा बाजार क्षेत्र स्थित दो पेट्रोल पंप, नंदौली, बहुरावां बाजार, देहली बाजार क्षेत्र की टंकियां और वलीपुर समेत अधिकांश पेट्रोल पंप ईंधन विहीन हो चुके हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पंपों से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ पेट्रोल पंप संचालक तेल के दाम बढ़ने के इंतजार में आपूर्ति रोककर बैठे हैं। वहीं “तेल नहीं” का बोर्ड लगे होने के बावजूद चुनिंदा लोगों को पेट्रोल दिए जाने की भी चर्चा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
उधर, इस समय शादी-विवाह का सहालग भी चल रहा है, जिससे ईंधन की मांग और बढ़ गई है। बारात, जनरेटर और अन्य व्यवस्थाओं के लिए डीजल-पेट्रोल की जरूरत पड़ रही है, लेकिन किल्लत के चलते लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है।
डीजल की कमी से जहां किसानों की कटाई-मड़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं वाहन चालकों और आम लोगों के साथ अब शादी-विवाह के आयोजनों पर भी असर पड़ने लगा है। इस बीच संबंधित क्षेत्रीय आपूर्ति निरीक्षक की उदासीनता पर सवाल उठ रहे हैं।
कुल मिलाकर स्थिति यह है कि किसान, वाहन चालक और आम आदमी त्रस्त हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
जय प्रकाश सिंह 
हलियापुर बल्दीराय हलियापुर

Post a Comment

0 Comments