शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई ईद की नमाज, प्रशासन पूरी तरह रहा मुस्तैद


 बल्दीराय/सुल्तानपुर

बल्दीराय तहसील क्षेत्र में ईद का पर्व आपसी भाईचारे, उत्साह और शांति के साथ मनाया गया। क्षेत्र के 14 ईदगाहों और 3 मस्जिदों में ईद-उल-फितर की नमाज सकुशल सम्पन्न हुई।

निर्धारित समय पर इसौली, पटैला, नन्दौली, बघौना, निनावां, चकमुसी और नटौली समेत सभी ईदगाहों व मस्जिदों में नमाज अदा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में नमाजी एकत्रित हुए और देश में अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

ईद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहा। उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार और क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। थाना प्रभारी नारदमुनि सिंह पुलिस बल के साथ संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैद रहे।

ईदगाहों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन द्वारा पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
स्थानीय नागरिकों व जनप्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
प्रशासन की मुस्तैदी और जनता के सहयोग से पूरे क्षेत्र में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
जय प्रकाश सिंह बल्दीराय हलियापुर सुल्तानपुर

Post a Comment

0 Comments