ईद-नवरात्रि में गैस संकट, एजेंसी पर बेकाबू भीड़ से उपभोक्ता बेहाल


 बल्दीराय/सुल्तानपुर

ईद और नवरात्रि जैसे प्रमुख पर्वों के बीच बल्दीराय तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा जरई स्थित उत्कर्ष भारत गैस एजेंसी पर गैस की किल्लत ने हालात बिगाड़ दिए। शुक्रवार को सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की भारी भीड़ के चलते एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सीमित आपूर्ति के कारण सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। गैस खत्म होने की आशंका में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।

कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वे कई दिनों से सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

हालात बेकाबू होते देख मौके पर पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी, जिसने किसी तरह भीड़ को नियंत्रित कर व्यवस्था बहाल कराई।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ईद और नवरात्रि जैसे त्योहारों के दौरान भी पर्याप्त गैस उपलब्ध न कराना गंभीर लापरवाही है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि तत्काल आपूर्ति बढ़ाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इंडिया की सोच बुलंद से सुल्तानपुर जिला रिपोर्टर सुनील सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

0 Comments