छात्रों के सर्वांगीण विकास और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में अहम पहल
बल्दीराय/सुल्तानपुर,
संसदीय क्षेत्र अमेठी के अंतर्गत हलियापुर कस्बे स्थित श्री सिंह राय भालेसुल्तान इंटर कॉलेज में रविवार को सांसद किशोरीलाल द्वारा ओपन जिम का विधिवत लोकार्पण किया गया। यह ओपन जिम सांसद निधि से स्थापित किया गया है, जिसका निर्माण कार्यदायी संस्था पीसीसीडी निर्माण इकाई, सुल्तानपुर द्वारा कराया गया।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद किशोरीलाल ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य का महत्व भी अत्यधिक बढ़ गया है। विद्यालय परिसर में ओपन जिम की स्थापना से छात्रों को पढ़ाई के साथ नियमित व्यायाम का अवसर मिलेगा, जिससे उनका शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि यह ओपन जिम विद्यार्थियों के साथ-साथ आसपास के आम नागरिकों के लिए भी स्वास्थ्य लाभ का केंद्र बनेगा।
सांसद ने कहा कि जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर संसद भेजा है, ऐसे में क्षेत्र का समग्र विकास कराना उनका कर्तव्य है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ओपन जिम जैसी योजनाएं युवाओं को नशे एवं गलत आदतों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी।
विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्रों में खेल एवं फिटनेस के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा शारीरिक शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह, प्राचार्य दिग्विजय सिंह, वेद प्रकाश सिंह, इंद्र बहादुर सिंह, अवधेश उपाध्याय, निर्भय सिंह, गंगाराम यादव, नकछेद यादव, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। ओपन जिम के लोकार्पण से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

0 Comments
Comments