फतेहपुर: अरहर के खेत में किसान की हत्या, धारदार हथियार से गला रेता, पुलिस जांच में जुटी

फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के टीकर गांव में एक किसान की हत्या कर दी गई है। गांव के बाहर अरहर के खेत से 45 वर्षीय रामसुमेर का शव मिला। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या की है।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को करीब 50 फुट तक घसीटा गया और फिर खेत में फेंक दिया गया। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी गांव में फैल गई। 

घटना की सूचना मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या आपराधिक साजिश जैसे बिंदुओं पर भी गौर किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

उधर इस मामले में पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह का कहना है कि मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया गया है, पुलिस एवं फॉरेसिक टीम के द्वारा हत्या से संबंधित सबूत भी एकत्र किए गए हैं। इसके अलावा ग्रामीणों से पूछताछ भी की जा रही है, जबकि परिवार वालों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। परिवार के द्वारा किसान की हत्या से संबंधित तहरीर भी अज्ञात हत्यारो के खिलाफ पुलिस को दी गई है जिसके आधार पर असोथर थाना में मुकदमा दर्ज करते हुए हत्यारों की तलाश के लिए टीम गठित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस पूरे घटनाक्रम का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

आशुतोष बाजपेई ग्राउंड रिपोर्ट फतेहपुर

Post a Comment

0 Comments