बल्दीराय तहसील क्षेत्र में हुई बेमौसम आंधी और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। तेज हवाओं के साथ हुई बरसात के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल गिर गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों के अनुसार फसल पूरी तरह पककर तैयार थी और कटाई का काम शुरू होने ही वाला था, लेकिन अचानक बदले मौसम ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। आंधी के चलते गेहूं की बालियां जमीन पर बिछ गईं, जिससे उत्पादन में गिरावट और दाने की गुणवत्ता खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
गिरी हुई फसल की कटाई करना अब किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। खेतों में नमी और पानी भर जाने से हार्वेस्टर मशीनों का उपयोग भी मुश्किल हो रहा है, वहीं मजदूरी खर्च भी बढ़ रहा है। इससे किसानों की लागत और बढ़ती जा रही है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का सर्वे कराया जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके। फिलहाल मौसम की मार से किसान बेहद परेशान और चिंतित नजर आ रहे हैं।
जय प्रकाश सिंह
बल्दीराय/सुलतानपुर

0 Comments
Comments