आलामऊ ग्राम पंचायत में इंटरलॉकिंग कार्य रुका,


 ग्रामीणों में आक्रोश

बल्दीराय, सुलतानपुर

बल्दीराय तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत आलामऊ में ग्राम पंचायत द्वारा बंधवा मार्ग पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य कुल 330 मीटर के लिए शासन द्वारा स्वीकृत है, जिसमें से लगभग 300 मीटर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष 30 मीटर का कार्य संतोष तिवारी पुत्र श्रवण कुमार तिवारी द्वारा रुकवा दिया गया है।

बताया जा रहा है कि उक्त मार्ग मुख्य मार्ग के खाते में दर्ज है, जिसका नंबर 37/991 है। ग्राम प्रधान द्वारा इस विवाद के समाधान हेतु तहसीलदार बल्दीराय से पैमाइश कराने का आदेश भी करवाया गया, जिसके बाद राजस्व निरीक्षक बल्दीराय को जिम्मेदारी सौंपी गई।

लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद अभी तक पैमाइश नहीं कराई गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार संपर्क करने पर राजस्व निरीक्षक द्वारा “आज आएंगे, कल आएंगे” कहकर टालमटोल किया जा रहा है।

इस देरी के चलते गांव में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और शासन द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। वहीं तहसील प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पैमाइश कराकर कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments