छुट्टा मवेशियों का धावा, तैयार गेहूं की फसल चट


 दर्जनों पशु खेतों में घुसे, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी*

धम्मौर (सुलतानपुर)। विकास खंड दूबेपुर क्षेत्र के पलिया गांव के पास छुट्टा मवेशियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह दर्जनों मवेशी खेतों में घुस गए और किसानों की तैयार खड़ी गेहूं की फसल को चरकर बर्बाद कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। खेतों की रखवाली के बावजूद मवेशी झुंड बनाकर खेतों में घुस जाते हैं और फसल को भारी नुकसान पहुंचाते हैं।

किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मजबूरन किसानों को रात भर खेतों की निगरानी करनी पड़ रही है, फिर भी फसल सुरक्षित नहीं रह पा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि छुट्टा मवेशियों को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों की मेहनत से तैयार फसल को बचाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments