पीलीभीत, 19 मार्च। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों के संबंध में प्रथम अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक गांधी सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न विभागों—स्वास्थ्य, पंचायती राज, शिक्षा, पशुपालन, बाल विकास व नगर निकाय—द्वारा माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य किए जाएंगे।
अभियान के तहत गांवों में नालियों की सफाई, जलभराव समाप्त करने, हैंडपंपों की मरम्मत, झाड़ियों की कटाई तथा शहरी क्षेत्रों में नियमित सफाई, फॉगिंग व लार्वानाशक छिड़काव कराया जाएगा। स्कूलों में बच्चों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी सीएचसी पर 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीका निःशुल्क लगाया जाएगा। टीकाकरण के लिए आधार कार्ड एवं जन्म या शैक्षिक प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य होगा।
दस्तक अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, खांसी-जुकाम, टीबी व अन्य रोगों के मरीजों की पहचान कर उन्हें जांच व उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजेंगी। साथ ही घरों में जलभराव रोकने और डेंगू-मलेरिया से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ब्यूरो चीफ लुकमान खान) पीलीभीत

0 Comments
Comments