5 जोन और 12 सेक्टर में बंटा अयोध्या धाम
भीड़ की व्यापकता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने पूरे अयोध्या धाम को एक अभेद्य किले में तब्दील कर दिया है। इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़ को मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए संपूर्ण क्षेत्र को 5 जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर की कमान अनुभवी अधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रमुख शिवालयों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा
अयोध्या के अति प्राचीन नागेश्वर नाथ मंदिर पर विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया गया है। यहाँ उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। इसके साथ ही क्षिरेश्वर नाथ मंदिर सहित जनपद के अन्य प्रमुख शिवालयों पर भी पुलिस बल मुस्तैद है। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है ताकि दर्शनार्थियों की लाइन व्यवस्थित रहे।
हाई-टेक निगरानी: ड्रोन और सीसीटीवी से मॉनिटरिंग
आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए पूरे धाम क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़ को आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए CCTV कैमरों का जाल बिछाया गया है, जिसका कंट्रोल रूम से सतत पर्यवेक्षण किया जा रहा है। साथ ही, आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़ की गतिविधियों और संदिग्ध हलचलों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
यातायात और भीड़ प्रबंधन का विशेष प्लान
श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने एक व्यापक 'क्राउड मैनेजमेंट' और 'ट्रैफिक डायवर्जन' प्लान लागू किया है। कई रूटों पर बदलाव किए गए हैं ताकि पैदल यात्रियों को चलने में सुगमता हो। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि जोन और सेक्टर व्यवस्था के तहत पुलिस बल पूरी तरह सक्रिय है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
तहसील रिपोर्टर: ज्ञानेंद्र तिवारी स्थान: अयोध्या सौजन्य: इंडिया की सोच बुलंद न्यूज़

0 Comments
Comments