मिल्कीपुर/अयोध्या। ग्राम सभा मलेथू बुजुर्ग में स्थित चकमार्ग गाटा संख्या-1249 पर अवैध निर्माण का मामला गरमाता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अयोध्या से शिकायत कर चकमार्ग खाली कराने तथा कब्जाधारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह चकमार्ग उनके घर को मुख्य रोड रकबा संख्या-1263 से जोड़ता है और वर्षों से आवागमन का एकमात्र रास्ता रहा है। लेकिन हाल ही में नाप-जोख और सीमांकन के दौरान चकमार्ग की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश तेज़ हो गई है।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर चकमार्ग पर निर्माण खड़ा किया जा रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार चकमार्ग को काटने का प्रयास न केवल गलत है बल्कि शासन के आदेशों का स्पष्ट उल्लंघन भी है।
पीड़ित ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यह रास्ता पहले से चकमार्ग के रूप में दर्ज है और सीमांकन में भी स्पष्ट रूप से सामने आ चुका है, बावजूद इसके कुछ प्रभावशाली लोग अपनी मनमानी पर उतारू हैं।
ग्रामीणों ने डीएम से गुहार लगाई है कि पुलिस व प्रशासन को भेजकर तत्काल सीमांकन बहाल कराया जाए और चकमार्ग को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए, ताकि ग्रामीणों का आवागमन फिर से सुचारु हो सके।
यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतज़ार कर रहे हैं।
इंडिया की सोच बुलंद से तहसील रिपोर्टर ज्ञानेंद्र तिवारी अयोध्या

0 Comments
Comments